हमीरपुर : मृत गौवंश को बैलगाड़ी से बांधकर घसीटने का वीडियो वायरल, मचा हड़कंप

टेन न्यूज़ !! १८ जनवरी २०२६ !! अभय द्विवेदी ब्यूरो, हमीरपुर।
जनपद हमीरपुर में मृत गौवंश को बैलगाड़ी से बांधकर घसीटने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। करीब 4 मिनट 10 सेकंड के इस वीडियो में मृत गौवंश को अमानवीय तरीके से घसीटते हुए दिखाया गया है, जिससे गौवंश संरक्षण को लेकर जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो के वायरल होते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो मौदाहा विकासखंड क्षेत्र के सिसोलर गांव का है। वहीं ग्राम प्रधान ने अपने बचाव में दावा किया है कि यह वीडियो लगभग एक वर्ष पुराना है। हालांकि वीडियो की सत्यता और समय को लेकर जांच की बात कही जा रही है।
गौरतलब है कि जनपद में संचालित कई गौशालाओं की बदहाल स्थिति के वीडियो आए दिन सामने आते रहे हैं, जिससे गौवंश संरक्षण के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
रिपोर्टर: अभय द्विवेदी
लोकेशन: जिला हमीरपुर






