रायबरेली में भीषण सड़क हादसा: डंपर–ट्रक भिड़ंत में होमगार्ड की मौत, दो गंभीर घायल
टेन न्यूज ii 01 फरवरी 2026 ii वसीम खान ब्यूरो,
लालगंज/रायबरेली।
जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह घने कोहरे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बहाई कस्बे के पास डंपर और कोयला लदे ट्रक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक और कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, बिहार से कोयला लादकर आ रहा ट्रक सुबह बहाई कस्बे के पास पहुंचा ही था कि अचानक उसका टायर फट गया। चालक ने वाहन को नियंत्रित करते हुए किनारे करने की कोशिश की, लेकिन घने कोहरे के कारण सामने से आ रहे डंपर को देख नहीं पाया।
देखते ही देखते दोनों वाहनों में भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में ट्रक पर सवार खीरों थाना क्षेत्र निवासी होमगार्ड रामनाथ यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि वह ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। वहीं ट्रक चालक का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कंडक्टर के सिर में गंभीर चोट आई है। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह टायर फटना और घना कोहरा माना जा रहा है। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






