द्वारिकेश चीनी मिल में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ इंडेंट पूजन, 11 नवंबर से पेराई सत्र

टेन न्यूज़ !! ०३ नवम्बर २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा फतेगंज पूर्वी बरेली UP
फतेहगंज पूर्वी। द्वारिकेश चीनी मिल फरीदपुर में सोमवार को आगामी पेराई सत्र 2026-27 के सफल संचालन के लिए विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इंडेंट पूजन किया गया। मिल अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूजन-अर्चना कर नए पेराई सत्र की सफलता तथा क्षेत्र के किसानों की सुख-समृद्धि की कामना की।
मिल प्रबंधन के अनुसार, आगामी पेराई सत्र 11 नवंबर से शुरू होना प्रस्तावित है। इसके लिए मिल में आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, ताकि किसानों को गन्ना आपूर्ति और तौल में परेशानी न हो।
प्रबंधन ने किसानों से अपील की कि वे गन्ना आपूर्ति के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली, मजदूरों और अन्य व्यवस्थाओं को समय से तैयार रखें। गन्ने की छिलाई पर्ची का संदेश मिलने के बाद ही करें तथा पर्ची में दर्ज प्रजाति के अनुसार ही गन्ने की आपूर्ति करें।
मिल प्रबंधन ने बताया कि शरदकालीन गन्ना बुवाई के लिए मौसम अनुकूल है। किसान 20 नवंबर तक बुवाई कर सकते हैं। मिल क्षेत्र में अच्छी पैदावार देने वाली को.शा. 18231, को.शा. 19231 और कोलख 16202 प्रजातियों के गन्ना बीज उपलब्ध हैं।
पूजन कार्यक्रम में अनिल कुमार त्यागी, वीबी सिंह, उपेंद्र कुमार उपाध्याय, विशाल सूरी, सुधीर कुमार सिंह, सोबिंदर सिंह, सुनील पुनिया, दुर्गेश बिहारी, सुशील कुमार, मुकेश शर्मा और मनोज सक्सेना सहित गन्ना विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
अंत में प्रबंधन ने किसानों से निर्धारित पर्ची के अनुसार स्वच्छ एवं ताजा गन्ना आपूर्ति कर पेराई सत्र के सफल संचालन में सहयोग करने की अपील की।