कन्नौज: डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री का गेहूं खरीद केंद्रों पर औचक निरीक्षण, लापरवाही पर जताई नाराज़गी

टेन न्यूज़ !! १७ अप्रैल २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, लोकेशन: कन्नौज
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने विकास खण्ड उमर्दा स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक सहकारी समिति बलनपुर, सहकारी समिति तथा मंडी समिति तिर्वा में गेहूं खरीद केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पारदर्शिता और अभिलेखीय व्यवस्था में खामियां पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण में पाया गया कि समिति परिसर में डिस्प्ले बोर्ड पर खाद्यान्न दरें और गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य अंकित नहीं था। साथ ही आवश्यक अभिलेख और रजिस्टर भी ठीक से संधारित नहीं मिले, जबकि वारदाना (बोरी) की प्रविष्टियां पोर्टल पर अपडेट नहीं थीं। इस पर डीएम ने तत्काल सुधार के निर्देश देते हुए पारदर्शिता सुनिश्चित करने को कहा।
मौके पर 105 बोरी की बिक्री दर्ज मिली, जबकि 245 बोरी यूरिया उपलब्ध पाई गई। जिलाधिकारी ने उर्वरक वितरण की नियमित प्रविष्टियां पोर्टल पर दर्ज करने और स्टॉक रजिस्टर को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान 03 किसानों से 176.50 कुंतल गेहूं की खरीद के बावजूद भुगतान लंबित पाया गया। इस पर डीएम ने तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
किसान सुनील कुमार पुत्र हरीराम ने शिकायत की कि गेहूं उपलब्ध होने के बावजूद उसकी खरीद नहीं की जा रही है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसान हित सर्वोपरि है और पात्र किसानों की उपज का समयबद्ध क्रय सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
