कटरा नगर पंचायत को मिली नई चेयरमैन, डॉ. पूजा कसाना ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ![]()
टेन न्यूज ii 01 जून 2026 ii डीपी सिंह डेस्क@पप्पू अंसारी, आक़िब अंसारी
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर। नगर पंचायत कटरा में नव निर्वाचित चेयरमैन डॉ. पूजा कसाना को उपजिलाधिकारी जीतसिंह राय द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन कटरा स्थित शान मैरिज लॉन में भव्य रूप से किया गया, जहां बड़ी संख्या में नगरवासी, गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।![]()
गौरतलब है कि नगर पंचायत कटरा उपचुनाव में डॉ. पूजा कसाना ने जीत दर्ज कर चेयरमैन पद हासिल किया था। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की गूंज और पटाखों की आवाज से समारोह स्थल उत्सव में तब्दील हो गया। समर्थकों ने नव निर्वाचित चेयरमैन का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए खुशी का इजहार किया।
कार्यक्रम में अपना दल पार्टी के जिला अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने डॉ. पूजा कसाना को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए नगर के विकास की उम्मीद जताई।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम का संचालन शान इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नगर पंचायत के विकास, स्वच्छता, बेहतर मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान पर जोर दिया।
इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. पूजा कसाना ने नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगी। नगर के विकास और जनहित के कार्य उनकी प्राथमिकता रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में चेयरमैन डॉ. पूजा कसाना के पति दानिश जीशान खान और देवर आरिश जीशान खान ने समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों, समर्थकों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।