कटरा के मोहल्ला बगंशान बना स्वच्छता का मॉडल, 90% घरों में सोर्स सेग्रीगेशन
टेन न्यूज़ ii 03 फरवरी 2026 ii पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर
नगर पंचायत कटरा के मोहल्ला बगंशान प्रथम ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मिसाल पेश की है। जिला कंट्रोल एंड कमांड सेंटर (DCCC) के निर्देशन में ग्रीन फ्यूचर कलेक्टिव द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियान का सकारात्मक परिणाम अब साफ दिखाई दे रहा है। मोहल्ले के लगभग 90 प्रतिशत परिवार अपने घरों से निकलने वाले कचरे को गीला और सूखा अलग-अलग करके दे रहे हैं।
अभियान के तहत टीम ने घर-घर जाकर लोगों को सोर्स सेग्रीगेशन यानी कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण करने की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान जो परिवार अब भी मिश्रित कचरा दे रहे थे, उन्हें मौके पर ही सही विधि समझाई गई और बताया गया कि कचरे का अलग-अलग संग्रहण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन के लिए कितना जरूरी है।
इस दौरान नगर पंचायत कटरा के अधिशासी अधिकारी श्री शिवलाल राम स्वयं मौजूद रहे। उनके साथ कंप्यूटर ऑपरेटर मुजीब, वाहिद, सुपरवाइजर जावेद, सफाई कर्मचारी तथा ग्रीन फ्यूचर कलेक्टिव की टीम से आकाश द्विवेदी, मयंक शर्मा, नेहा सक्सेना, नितिन यादव और नितिन गुप्ता उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे नियमित रूप से गीले और सूखे कचरे को अलग करें, ताकि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। स्थानीय निवासियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए आगे भी पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बगंशान का यह प्रयास अब अन्य मोहल्लों के लिए प्रेरणा बनता जा रहा है।






