• Thu. Apr 23rd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

शाहजहांपुर जिले में फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर बड़ा एक्शन, 9 CSC सेंटर सस्पेंड करने के निर्देश

ByTen News One Desk

Apr 23, 2026
4 Views

शाहजहांपुर जिले में फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर बड़ा एक्शन, 9 CSC सेंटर सस्पेंड करने के निर्देश


टेन न्यूज़ ii 23 अप्रैल 2026 ii डीपी सिंह@डेस्क,
शाहजहाँपुर। जनपद में शासन की महत्वाकांक्षी “फार्मर रजिस्ट्री” योजना को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। कार्य में लापरवाही बरतने वाले कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालकों पर अब कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) द्वारा विभिन्न CSC केंद्रों का निरीक्षण किया गया, जिसमें कई केंद्रों पर कार्य में गंभीर शिथिलता पाई गई। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि 30 अप्रैल 2026 तक हर हाल में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूरा कराया जाएगा।

जनपद में इस कार्य के लिए पंचायत सहायक, लेखपाल, कोटेदार, ग्राम प्रधान, CSC-वीएलई एवं कृषि विभाग के कर्मचारियों को लगाया गया है, ताकि अधिक से अधिक किसानों का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित हो सके। साथ ही अधिकारियों को रोजाना प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण में सामने आया कि कई CSC केंद्र बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद अपेक्षित सहयोग नहीं कर रहे हैं। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए अपर जिलाधिकारी ने जिला प्रबंधक CSC को संबंधित केंद्रों की आईडी तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

इन CSC केंद्रों पर गिरी गाज—
अखिलेश कुमार जन सेवा केंद्र (पीरगंज, अल्लाहगंज), तस्लीम जन सेवा केंद्र (अल्लाहगंज), राहुल जन सेवा केंद्र (ठीकरी), राहुल जन सेवा केंद्र (कुटरा), रमेश चन्द्र जन सेवा केंद्र (सीसोरी), आशु आधार संशोधन जन सेवा केंद्र (जेवा रोड लखपेड़ा, पुवायां), बालाजी जन सेवा केंद्र (निगोही रोड, पुवायां), प्रमोद जन सेवा केंद्र (काशीराम नगर, पुवायां) एवं राजीव कुमार जन सेवा केंद्र (ग्राम मिलकी, निगोही, तिलहर) शामिल हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शासन की योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्र संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य करें, अन्यथा उनके खिलाफ और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!