औरैया में नए जिलाधिकारी ने संभाला कार्यभार, ट्रेजरी पहुंचकर लिया चार्ज

टेन न्यूज़ ii 23 अप्रैल 2026 ii रामजी पोरवाल ब्यूरो,
औरैया। जनपद में प्रशासनिक फेरबदल के तहत नवागत जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने मंगलवार शाम दिबियापुर रोड स्थित जिला कोषागार (ट्रेजरी) पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
बताया जा रहा है कि पूर्व जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के मैनपुरी स्थानांतरण के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात विशेष सचिव रहे बृजेश कुमार को औरैया का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
कार्यभार संभालने के बाद जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अनिवार्य रूप से कार्यालय में बैठकर आमजन की शिकायतें सुनें, इसके बाद ही फील्ड कार्यों के लिए निकलें।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनता को राहत पहुंचाना है और किसी भी स्थिति में लोगों को अनावश्यक परेशान नहीं होना चाहिए।
नवागत जिलाधिकारी ने अपने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे आजमगढ़ और बुलंदशहर सहित कई जनपदों में अपर जिलाधिकारी के पद पर कार्य कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न जिलों में कार्य के दौरान मिली सीख का उपयोग करते हुए औरैया में बेहतर प्रशासन देने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा और शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने टीमवर्क और पारदर्शिता के साथ जनपद को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का भरोसा जताया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अविनाश चन्द्र मौर्य, वरिष्ठ कोषाधिकारी प्रदीप कुमार, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर अजय आनंद वर्मा, उप जिलाधिकारी गरिमा सोनकिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
टेन न्यूज के लिए औरैया से ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल की रिपोर्ट
