सीएचसी भावलखेड़ा का प्रमुख सचिव ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं संतोषजनक पाईं
टेन न्यूज़ ii 16 अप्रैल 2026 ii डीपी सिंह@डेस्क शाहजहांपुर, प्रमुख सचिव, सचिवालय प्रशासन, भाषा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन एवं जनपद के नोडल अधिकारी श्री मनीष चौहान ने जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भावलखेड़ा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान समस्त स्टाफ उपस्थित पाया गया, जिससे व्यवस्थाओं की नियमितता स्पष्ट हुई।
निरीक्षण के समय प्रमुख सचिव ने ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या एवं उन्हें उपलब्ध कराई जा रही उपचार सेवाओं की जानकारी ली। फार्मेसी कक्ष का निरीक्षण करते हुए उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, ड्रग लिस्ट के अनुसार स्टॉक तथा एक्सपायरी दवाओं की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को सभी आवश्यक दवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
इसके बाद उन्होंने एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण किया और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मरीजों को समय से एक्स-रे रिपोर्ट एवं फिल्म उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी कर्मचारियों को समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहने और सेवाओं में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
सीएचसी पर संचालित प्रसव सेवाओं की भी समीक्षा की गई। अधीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि केंद्र पर प्रतिदिन औसतन चार से पांच प्रसव कराए जाते हैं। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर साफ-सफाई एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिस पर प्रमुख सचिव ने संतोष व्यक्त किया।
