• Fri. Jun 26th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

ढेकियाजुली नगर पालिका के पदेन सदस्य बने मंत्री अशोक सिंघल, ली शपथ

ByTen News One Desk

Jun 26, 2026
6 Views

ढेकियाजुली नगर पालिका के पदेन सदस्य बने मंत्री अशोक सिंघल, ली शपथ


टेन न्यूज़ !! २६ जून २०२६ !! प्रशांत वैश्य ब्यूरो | ढेकियाजुली (असम) | 

असम के सोनितपुर जिले के शहीद नगरी ढेकियाजुली में गुरुवार को आयोजित एक गरिमामय समारोह में ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं असम सरकार के कैबिनेट मंत्री अशोक सिंघल ने ढेकियाजुली नगर पालिका के पदेन सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की।

ढेकियाजुली नगर पालिका कार्यालय के सभागार में आयोजित समारोह में सहायक आयुक्त तृष्णा शर्मा ने मंत्री अशोक सिंघल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के साथ ही उन्होंने नगर पालिका के पदेन सदस्य के रूप में अपना दायित्व संभाल लिया।

पदभार ग्रहण करने के बाद मंत्री अशोक सिंघल ने नगर पालिका क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर के समग्र विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए कार्य किए जाएंगे।

समारोह में प्रमुख समाजसेवी रमेश चंद्र बोरा, एजीपी नेता रातुल कुमार नाथ, भाजपा के वरिष्ठ नेता जॉन सैकिया, समाजसेवी नारायण बोरा, नगर पालिका की कार्यकारी अधिकारी उदीप्ता पातर, नगर अध्यक्षा सुस्मिता दास, उपाध्यक्ष तुलिका सैकिया, वार्ड आयुक्त मुन्ना मिश्रा सहित विभिन्न वार्डों के आयुक्त, जनप्रतिनिधि एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद वक्ताओं ने मंत्री अशोक सिंघल को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव, दूरदर्शी नेतृत्व और विकासोन्मुख सोच से ढेकियाजुली नगर पालिका के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहरी विकास, सड़क निर्माण, शुद्ध पेयजल, जल निकासी, स्वच्छता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

वक्ताओं ने यह भी कहा कि राज्य सरकार और नगर पालिका के बीच बेहतर समन्वय से सरकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा, जिससे ढेकियाजुली के शहरी क्षेत्र के समग्र विकास और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार होगा।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री अशोक सिंघल को पारंपरिक फूलाम गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे समारोह में उत्सव जैसा माहौल रहा और नगर पालिका के भविष्य के विकास कार्यों को लेकर आशावाद व्यक्त किया गया।

— प्रशांत वैश्य, असम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!