• Mon. Aug 24th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

बारावफात जुलूस को लेकर तिलहर कोतवाली में पीस कमेटी बैठक

ByTen News One Desk

Aug 24, 2026
3 Views

बारावफात जुलूस को लेकर तिलहर कोतवाली में पीस कमेटी बैठक


टेन न्यूज।। 24 अगस्त 2026 ।। अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर

तिलहर में हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन बारावफात के अवसर पर 26 अगस्त को प्रस्तावित जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नायब तहसीलदार और कोतवाल प्रभाष चंद्र ने जुलूस आयोजकों से तैयारियों और निर्धारित रूट की जानकारी ली।

बैठक के दौरान जुलूस आयोजकों ने मुख्य मार्ग पर जल निगम द्वारा की गई सड़क की खुदाई को लेकर नाराजगी जताई। आयोजक इकबाल हुसैन उर्फ फूलमियां और शहर काजी मोहम्मद अकरम सलीम ने कहा कि जुलूस का मुख्य मार्ग पहले से ही काफी खराब है और खुदाई के कारण परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि यदि 24 अगस्त तक मार्ग दुरुस्त नहीं हुआ तो जुलूस निकालने पर विचार करना मुश्किल होगा।

नायब तहसीलदार ने आयोजकों को आश्वस्त किया कि जुलूस के मार्ग को हर हाल में दुरुस्त कराया जाएगा।

कोतवाल प्रभाष चंद्र ने जुलूस के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी ठेले आदि पर अभद्र सामग्री का प्रयोग न किया जाए और बारावफात का पर्व शांतिपूर्वक मनाया जाए। उन्होंने जुलूस में हरे झंडों के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा ले जाने की अनुमति बताते हुए स्टील रॉड, पाइप या हरे बांस का इस्तेमाल न करने की हिदायत दी।

शहर काजी मोहम्मद अकरम सलीम ने भी अनावश्यक भाषण, तकरीर या नारेबाजी से बचने की अपील की। मौजपुर चौकी प्रभारी देवेश कुमार ने बताया कि जुलूस में शामिल होने वाली प्रत्येक अंजुमन या मोहल्ले की टोली के आयोजक अपने 10-10 सहयोगियों के आधार कार्ड और फोटो 23 अगस्त तक जमा करें, ताकि परिचय पत्र बनाए जा सकें। बैंड, टोली, चौपाइयों, वाहनों और ई-रिक्शा के पास भी बनवाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में हाफिज अदीब अली, हाफिज साजिद अली, हाफिज नसीम, हाफिज सोहेल, तनवीर अहमद, मोहम्मद शरीफ, खलील कादरी, इकबाल हुसैन उर्फ फूलमियां सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!