प्रधानमंत्री मोदी की अपील : “दीपावली पर गर्व से कहो — यह स्वदेशी है”
टेन न्यूज़ , नई दिल्ली, 20 अक्तूबर 2025।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से इस दीपावली को सिर्फ़ रोशनी और खुशियों का पर्व नहीं, बल्कि स्वदेशी उत्पादों और आत्मनिर्भर भारत की भावना के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हर भारतीय को देश की रचनात्मकता, कड़ी मेहनत और नवाचार पर गर्व करना चाहिए और “गर्व से कहो — यह स्वदेशी है” का नारा बुलंद करना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि 140 करोड़ भारतीय अगर स्वदेशी वस्तुएं अपनाते हैं, तो यह न सिर्फ़ स्थानीय उद्योगों बल्कि छोटे कारीगरों और उद्यमियों के लिए भी आर्थिक संबल बनेगा। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा — “आइए, इस दीपावली पर भारतीय उत्पाद खरीदें, और गर्व से कहें — यह स्वदेशी है! आपने जो खरीदा है, उसे सोशल मीडिया पर साझा करें ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हों।”
मोदी की यह अपील ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर भारत के उस अभियान की निरंतरता है, जिसके ज़रिए देश में घरेलू उत्पादन को मज़बूती देने पर ज़ोर दिया जा रहा है।
सरकार की ओर से भी इस पहल का समर्थन करते हुए एक विशेष ऑनलाइन अभियान — “दिवाली मनाएं और स्वदेशी को सशक्त बनाएं” — शुरू किया गया है। इसके तहत नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस त्योहारी सीज़न में केवल भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दें और स्थानीय कारीगरों की मेहनत का सम्मान करें।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दीपावली का यह पर्व “देश की रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता” का प्रतीक बने। उन्होंने कहा, “भारत की प्रगति में हर भारतीय की भूमिका है — चाहे वह किसान हो, कारीगर या व्यापारी। जब हम स्वदेशी अपनाते हैं, तो देश की अर्थव्यवस्था में सीधा योगदान देते हैं।”
प्रधानमंत्री की इस अपील के बाद सोशल मीडिया पर ‘#गर्वसेकहोस्वदेशीहै’ अभियान तेजी से ट्रेंड करने लगा है, जिसमें देशभर के लोग अपने स्वदेशी उत्पादों के साथ तस्वीरें साझा कर रहे हैं।










