आगामी त्योहारों को लेकर कटरा में पुलिस का पैदल मार्च, अपर पुलिस अधीक्षक व सीओ ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
टेन न्यूज ii 08 फरवरी 2026 ii पप्पू अंसारी,
मीरानपुर कटरा (शाहजहाँपुर)। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को थाना कटरा क्षेत्र में पुलिस द्वारा व्यापक पैदल मार्च किया गया।
यह मार्च पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भवरें एवं क्षेत्राधिकारी तिलहर ज्योति यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
पैदल मार्च के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों तथा संवेदनशील स्थलों का गहन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से संवाद कर त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की अराजकता, अफवाह या शांति भंग करने की कोशिश को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पैदल मार्च के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की गई। सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बनाए रखने, नियमित गश्त करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तत्काल डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखी जा सके।






