कन्नौज में आलू किसानों ने उठाई समस्याएं, डीएम को सौंपा ज्ञापन

टेन न्यूज़ !! २५ सितम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
लोकेशन—कन्नौज, उत्तर प्रदेश। आपको बताते चलें कि आलू किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) के पदाधिकारी और किसान कलेक्ट्रेट प्रांगण पहुंचे। यहां जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को संबोधित ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
किसान यूनियन ने कहा कि बढ़ती कृषि लागत, आलू के कम भाव और महंगे कोल्ड स्टोरेज किराए के कारण किसान आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं। किसानों ने आलू की फसल का लाभकारी एवं उचित मूल्य दिलाने, एमएसपी की कानूनी गारंटी के लिए शासन को संस्तुति भेजने तथा कोल्ड स्टोरेज का किराया कम कराने की मांग की।
इसके अलावा फसल खराब होने की स्थिति में उचित मुआवजा देने, कृषि लागत और कर्ज के बोझ से राहत के लिए प्रभावी योजना लागू करने तथा मंडी और भंडारण व्यवस्था को किसान हितैषी एवं पारदर्शी बनाने की मांग उठाई गई।
भारतीय किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसान हित में आगे भी आवाज उठाई जाएगी।
टेन न्यूज़ कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।