• Wed. Aug 5th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

रामगंगा में बाढ़ से निपटने की तैयारी! शाहजहांपुर में NDRF का हाई-टेक रेस्क्यू मॉक ड्रिल

ByTen News One Desk

Aug 5, 2026
5 Views

रामगंगा में बाढ़ से निपटने की तैयारी! शाहजहांपुर में NDRF का हाई-टेक रेस्क्यू मॉक ड्रिल


टेन न्यूज ii 05 अगस्त 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क न्यूज

शाहजहाँपुर। जनपद शाहजहाँपुर के तहसील कलान स्थित रामगंगा घाट पर मंगलवार को 08वीं वाहिनी एनडीआरएफ ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), पुलिस विभाग, पीएसी, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर जल आपदा पर आधारित टेबल टॉप एक्सरसाइज (TTEx) एवं फ्लड वाटर रेस्क्यू (FWR) मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया। अभ्यास का उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और आपातकालीन तैयारियों का परीक्षण करना था।

एनडीआरएफ की 32 सदस्यीय टीम ने निरीक्षक/जीडी शिवकली धुर्वे के नेतृत्व में मॉक अभ्यास में हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत टेबल टॉप एक्सरसाइज से हुई, जिसकी अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अशुतोष कुमार ने की। इसके बाद प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी गई।

सायं 4:10 बजे फ्लड वाटर रेस्क्यू मॉक ड्रिल शुरू की गई। सबसे पहले आपातकालीन अलार्म जारी कर सभी संबंधित एजेंसियों को सक्रिय किया गया। आपातकालीन संचालन केंद्र (EOC) को अलर्ट करते हुए घटनास्थल के निकट स्टेजिंग एरिया बनाया गया। एनडीआरएफ ने इंसिडेंट कमांड पोस्ट स्थापित कर बचाव अभियान शुरू किया।

मॉक ड्रिल के दौरान एनडीआरएफ की टीम ने इंफ्लेटेबल रबर बोट (IRB) की मदद से रामगंगा घाट के ग्राम धेलिया क्षेत्र में फंसे चार लोगों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। इनमें तीन लोगों को वेट रेस्क्यू तकनीक और एक व्यक्ति को ड्राई रेस्क्यू तकनीक के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

अभ्यास के समापन पर आयोजित डिब्रीफिंग सत्र में उपजिलाधिकारी अशुतोष कुमार ने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय, सामने आई चुनौतियों और भविष्य की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि ऐसे मॉक अभ्यास वास्तविक आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, होमगार्ड, आपदा मित्र, स्थानीय गोताखोर और ग्रामीणों सहित कुल 118 लोगों ने भाग लिया। इस दौरान तहसीलदार शुजीत निगम, राजस्व निरीक्षक राजेश कुमार, ग्राम राजस्व अधिकारी विजय वाजपेयी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!