• Sat. Apr 18th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

ढाका विमान हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख, कहा – भारत बांग्लादेश के साथ

ByTen News One Desk

Jul 22, 2025
196 Views

ढाका विमान हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख, कहा – भारत बांग्लादेश के साथ



Ten News| 22 जुलाई 2025 | नई दिल्ली


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए वायुसेना के विमान हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों, विशेषकर छात्रों के प्रति संवेदना जताते हुए भारत की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा: “ढाका में हुई दुखद विमान दुर्घटना में कई लोगों, खासकर युवा छात्रों की मृत्यु से हम आहत और दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं और हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। भारत बांग्लादेश के साथ एकजुटता में खड़ा है और हर संभव सहायता प्रदान करने को तैयार है।”

बांग्लादेश की मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सोमवार दोपहर को ढाका के उत्तरा क्षेत्र स्थित माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज के पास बांग्लादेश वायुसेना का एफ-7 बीजीआई (चीन निर्मित) प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

आईएसपीआर (Inter Services Public Relations) के मुताबिक, विमान ने दोपहर 1:06 बजे उड़ान भरी थी और लगभग 1:30 बजे स्कूल की इमारत से टकरा गया। इस हादसे में अब तक कम से कम 19 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें पायलट और छात्र भी शामिल हैं।

ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलने पर उत्तरा, टोंगी, पल्हबी, कुरमिटोला, मीरपुर और पूर्वाचल फायर स्टेशनों की गाड़ियाँ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। फायर सर्विस कंट्रोल रूम की ड्यूटी ऑफिसर लीमा खानम ने बताया कि घटनास्थल पर बचाव कार्य तेजी से चलाया गया।

माइलस्टोन स्कूल के प्रवक्ता ने बताया कि विमान स्कूल गेट के पास गिरा, जहां उस समय कक्षाएं चल रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान अचानक तेज आवाज के साथ टकराया और तुरंत आग की लपटों में घिर गया।

इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी और बड़ी संख्या में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!