केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर ग्राम पंचायत बल्लिया में ‘‘सरकार आपके द्वार’’ चौपाल का आयोजन

विकास कार्यों की पुष्टि और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित हुआ कार्यक्रम
टेन न्यूज़ !! १४ जून २०२६ !! रामचद्र सक्सेना ब्यूरो
पीलीभीत। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकासखण्ड अमरिया की ग्राम पंचायत बल्लिया में ‘‘सरकार आपके द्वार’’ कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के राज्य मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश और उत्तर प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि ‘‘सरकार आपके द्वार’’ कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, गांवों में कराए गए विकास कार्यों की पुष्टि करना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
मंत्री ने किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से इनका अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंत्री ने ग्राम पंचायत बल्लिया में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से बच्चों को ऑनलाइन पुस्तकें, शैक्षणिक सामग्री और ज्ञानवर्धक वीडियो उपलब्ध होंगे, जिससे विद्यालय समय के बाद भी अध्ययन की सुविधा मिल सकेगी।
चौपाल एवं जनकल्याण शिविर में मंत्री ने किसानों को बीज किट वितरित की तथा प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां प्रदान कीं। इसके अलावा बाल सेवा योजना के लाभार्थियों, दिव्यांगजन विभाग से चयनित लाभार्थियों तथा रोजगार मेले में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म भी संपन्न कराई गई।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान के तहत विकासखंड परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और सभी लोगों से पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
इसके उपरांत मंत्री ने जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। स्वास्थ्य मेले में चिकित्सकों की टीम द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, आयुष्मान कार्ड, दिव्यांग पेंशन तथा प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थी अपने निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा जनसेवा केंद्र के माध्यम से आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। साथ ही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत पात्र एवं अनाथ बच्चों को सरकार द्वारा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला स्तरीय अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।