तिलहर थाना समाधान दिवस में एसडीएम व सीओ ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

टेन न्यूज़ !! १० मई २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
शाहजहांपुर जनपद के तिलहर कोतवाली परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस में एसडीएम जीत सिंह राय एवं सीओ ज्योति यादव ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई गईं। एसडीएम जीत सिंह राय ने सबसे पहले राजस्व कर्मियों की उपस्थिति जांची और अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यदि फरियादी की समस्या का सही समाधान समय पर हो जाए तो उसे बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
इस दौरान बिजली विभाग का कोई भी अधिकारी उपस्थित नहीं मिला, जिस पर एसडीएम ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कोतवाल जुगुल किशोर पाल को विभागीय अधिकारियों से पत्राचार कर जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने मौजूद विभागीय कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
