कन्नौज में आलू के खेत में जली अवस्था में अज्ञात युवती का शव मिलने से सनसनी
टेन न्यूज़ ii 04 फरवरी 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज, उत्तर प्रदेश |
कन्नौज जनपद में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक अज्ञात युवती का जला हुआ शव खेत में पड़ा मिला। घटना थाना कोतवाली कन्नौज क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 04 फरवरी 2026 को प्रातः लगभग 11:00 बजे जीटी रोड से करीब 100 मीटर दूर ग्राम ऋतुकाला के पास आलू के खेत में एक युवती का शव जली अवस्था में पाया गया। शव का अधिकांश हिस्सा बुरी तरह जला हुआ है, हालांकि चेहरे का कुछ भाग सुरक्षित बताया जा रहा है, जिससे शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कहीं अन्य स्थान पर कर शव को यहां लाकर ज्वलनशील पदार्थ से जलाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने आसपास के जनपदों व थानों से संपर्क कर गुमशुदा युवतियों के मामलों का मिलान शुरू कर दिया है। यदि किसी को युवती की पहचान से संबंधित कोई जानकारी हो तो तत्काल थाना कोतवाली कन्नौज या क्षेत्राधिकारी नगर से संपर्क करने की अपील की गई है।
संपर्क नंबर:
प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली कन्नौज – 9454403689
क्षेत्राधिकारी नगर – 9454401474
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।





