असम में सनसनीखेज मामला: पति पर प्रताड़ना का आरोप, पीड़िता ने मांगा न्याय
टेन न्यूज़ ii 06 मई 2026 ii प्रशांत वैश्य ब्यूरो
सोनितपुर (असम), संवाददाता: ढेकियाजुली थाना क्षेत्र के गाधाजुली इलाके में एक महिला द्वारा अपने ही पति पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पीड़िता के अनुसार उसके पति इनामुल इस्लाम, जो एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं, लंबे समय से कथित रूप से असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और उसे लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते आ रहे हैं।
महिला का आरोप है कि जब भी वह उनके गलत कार्यों का विरोध करती है, तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की जाती है, जिससे वह कई बार घायल हो चुकी है।
आखिरकार अत्याचार से तंग आकर महिला ने ढेकियाजुली थाना में शिकायत दर्ज कराई है और न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने कहा, “मैं लंबे समय से सहती आ रही हूं, लेकिन अब और सहन नहीं कर सकती। मुझे न्याय चाहिए।”
इस घटना के सामने आने के बाद गाधाजुली क्षेत्र में लोगों में आक्रोश है। एक शिक्षक पर लगे इन आरोपों ने समाज में जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों द्वारा दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
