• Mon. May 11th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

शाहजहाँपुर में चला विशेष यातायात अभियान, 176 वाहनों के चालान

ByTen News One Desk

May 11, 2026
4 Views

शाहजहाँपुर में चला विशेष यातायात अभियान, 176 वाहनों के चालान


टेन न्यूज़ ii 11 मई 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क न्यूज़
शाहजहाँपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपदीय यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस द्वारा “ड्रंकन ड्राइविंग, मॉडिफाइड साइलेंसर व प्रेशर हॉर्न” के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में संचालित किया गया।

यातायात निदेशालय के निर्देशों के क्रम में 9 और 10 मई 2026 की रात 8 बजे से 11 बजे तक थाना मदनापुर, सिंधौली, खुटार एवं पुवायां क्षेत्र के टोल प्लाजा सहित विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन चेकिंग की गई। टोल प्लाजा पर वाहनों की गति धीमी होने के कारण वहां विशेष निगरानी रखी गई।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं और उनके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सीट बेल्ट और हेलमेट के प्रयोग तथा सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया गया। परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों से पुलिस ने हालचाल और समस्याओं की भी जानकारी ली।

चेकिंग के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 54 ड्रंकन ड्राइविंग, 24 मॉडिफाइड साइलेंसर और 98 प्रेशर हॉर्न के चालान किए गए। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर भी यातायात जागरूकता अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

शाहजहाँपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!