सपा के राज्य सभा संसद प्रयोगशाला का किया उद्घाटन

एसआईआर प्रक्रिया पर भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, बोले- धांधली हुई तो पीडीए प्रहरी करेंगे निगरानी
टेन न्यूज़ ii 08 फरवरी 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव शुक्रवार को औरैया पहुंचे। उनके आगमन पर पार्टी नेताओं व आयोजकों ने उनका भव्य व जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वह बल्लापुर स्थित विवेकानंद इंटर कॉलेज, नगला भोज पहुंचे, जहां उन्होंने भौतिक विज्ञान एवं रासायनिक विज्ञान प्रयोगशाला का विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद प्रो. रामगोपाल यादव ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि गुणवत्तापरक शिक्षा के लिए प्रयोगशालाओं की अहम भूमिका होती है। प्रयोगों के माध्यम से पढ़ाई करने से विषय की समझ और वैज्ञानिक सोच विकसित होती है।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में प्रो. रामगोपाल यादव ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि लखनऊ से भाजपा के लोग तय कराकर भेज रहे हैं कि किसे वोट देना है और किसका वोट काटना है।
यह सब काम जिला अधिकारियों के माध्यम से कराया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए घातक है।उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की धांधली को समाजवादी पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। पीडीए प्रहरी बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक पूरी सतर्कता के साथ नजर रखेंगे। जरूरत पड़ी तो इस मामले को लेकर कानूनी लड़ाई भी लड़ी जाएगी।
यूजीसी से जुड़े मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से न्यायालय का विषय है। इस पर अंतिम निर्णय कोर्ट ही करेगा, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर समाजवादी पार्टी सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ने से पीछे नहीं हटेगी।
इस दौरान दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र यादव, विद्यालय प्रबंधक ध्रुव यादव सहित बड़ी संख्या में सपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।






