आंधी-बारिश का कहर: बिलपुर स्टेशन पर गिरा पेड़, झुग्गी-झोपड़ियां उड़ीं, कई घंटे बाधित रही बिजली और रेल सेवा

टेन न्यूज़ !! २७ मई २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा
फतेहगंज पूर्वी/बरेली । बीते दिन देर शाम मौसम ने अचानक करवट ली और धूल भरी तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। बिलपुर स्टेशन परिसर में तेज आंधी के चलते एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं कई स्थानों पर लोगों की झुग्गी-झोपड़ियां उड़ गईं।
आंधी इतनी तेज थी कि सड़कों पर धूल का गुबार छा गया और कुछ देर के लिए दृश्यता भी प्रभावित हो गई। इसके बाद तेज बिजली की तड़तड़ाहट के साथ बारिश शुरू हो गई। अचानक बदले मौसम से राहगीरों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर विद्युत लाइनें भी प्रभावित हुईं, जिससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। कई घंटे तक बिजली गुल रहने से लोग उमस और गर्मी में परेशान नजर आए। रातभर लोग अंधेरे और गर्मी से बेहाल रहे। विद्युत विभाग की टीम पूरी रात मेंटिनेंस कार्य में जुटी रही। कर्मचारियों ने फॉल्ट और खराब लाइनों को दुरुस्त करने का प्रयास किया। मंगलवार सुबह जाकर बिजली व्यवस्था सुचारु हो सकी।u
वहीं दिल्ली-लखनऊ रेल लाइन पर मीरानपुर कटरा और बंथरा के बीच ओएचई लाइन पर पेड़ गिरने से रेल संचालन भी कई घंटे प्रभावित रहा। इसके चलते बिलपुर स्टेशन पर प्रयागराज एक्सप्रेस, हरिद्वार एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, लखनऊ मेल समेत कई ट्रेनों को रोकना पड़ा। यात्री घंटों तक ट्रेनों में फंसे रहे। बाद में रेलवे कर्मचारियों द्वारा लाइन दुरुस्त किए जाने के बाद ट्रेनों का संचालन सुचारु कराया गया और गाड़ियां रवाना हो सकीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार तेज हवाओं से टीनशेड और अस्थायी ढांचे भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। हालांकि किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन और संबंधित विभाग हालात पर नजर बनाए हुए हैं।