कटरा सहित जिले भर में घरेलू गैस के दुरुपयोग पर सख्ती, छापेमारी में 21 सिलेंडर जब्त
टेन न्यूज ii 19 मार्च 2026 ii डीपी सिंह @डेस्क न्यूज, शाहजहांपुर
जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में घरेलू एलपीजी गैस की कालाबाजारी और दुरुपयोग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में गठित प्रवर्तन टीम ने गुरुवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की।
तहसील कलान क्षेत्र के परौर रोड स्थित ग्राम कौही, परौर, मिर्जापुर और गोपालपुर ढाई में पूर्ति निरीक्षक द्वारा जांच की गई। वहीं सदर तहसील क्षेत्र में बरेली मोड़ हाईवे स्थित अपना फैमिली रेस्टोरेंट ढाबा और महाकाली रेस्टोरेंट ढाबा का निरीक्षण किया गया।
नगर निगम क्षेत्र में भी अभियान चलाते हुए मारूति स्वीट्स, बालाजी फास्ट फूड, बजरंगी फूड प्लाजा, रामू होटल, यादव टी स्टॉल, केपी रेस्टोरेंट, दीक्षित जलपान गृह और मिस्टर इडली सहित कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
तहसील तिलहर के कटरा नगर में छापेमारी के दौरान गुप्ता फैमिली ढाबा एवं गुप्त होटल से 14.2 किलोग्राम के 2 घरेलू गैस सिलेंडर तथा भारत ढाबा से 1 सिलेंडर बरामद कर जब्त किया गया। इन सिलेंडरों को सावित्री इंडेन गैस एजेंसी, मीरानपुर कटरा की सुपुर्दगी में दिया गया।
इसी तरह पुवायां तहसील के खुटार नगर में अमन इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान व घर से 14.2 किलोग्राम के 18 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। मामले में अमन पुत्र राजेंद्र प्रसाद के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत थाना खुटार में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने चेतावनी दी है कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग, रिफिलिंग या कालाबाजारी करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।






