ग्रामीण डाक कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ ने की प्रेस वार्ता

टेन न्यूज़ !! ०७ जुलाई २०२६ !! रिपोर्ट: प्रशांत बैश्य ब्यूरो, ढेकियाजुली (सोनितपुर), असम।
असम के सोनितपुर जिले के ढेकियाजुली स्थित शहीद पार्क भवन में भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ द्वारा एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता का उद्देश्य ग्रामीण डाक कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों, सेवा संबंधी समस्याओं तथा कार्यक्षेत्र में आने वाली कठिनाइयों के समाधान की मांग को प्रमुखता से उठाना रहा।
प्रेस वार्ता में भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ के असम सर्कल के सचिव धन्यकांत बोरा, असम सर्कल के अध्यक्ष नवीन दैमारी, दरंग मंडल के अध्यक्ष बादल पाल तथा तेजपुर शाखा के सचिव हरिप्रसाद शइकिया सहित संगठन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण डाक कर्मचारी लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने सरकार एवं डाक विभाग के संबंधित अधिकारियों से कर्मचारियों की लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की अपील की।
पदाधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में ग्रामीण डाक कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना आवश्यक है, जिससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़े और आम जनता को बेहतर डाक सेवाएं मिल सकें।
प्रेस वार्ता के दौरान संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार और संबंधित विभाग कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करेंगे।