कमतापुर स्टेट डिमांड कमिटी की प्रतिनिधि सभा संपन्न, कोच राजबंशी समुदाय की समस्याओं पर हुई चर्चा![]()
टेन न्यूज ii 01 जुलाई 2026 ii रिपोर्ट: प्रशांत वैश्य ब्यूरो
असम/सोनितपुर। असम के सोनितपुर डिस्ट्रिक्ट जिले के ढेकियाजुली राजस्व चक्र क्षेत्र अंतर्गत शौलमारी बोरडुबी गांव में कमतापुर स्टेट डिमांड कमिटी (KSDC) की महत्वपूर्ण प्रतिनिधि सभा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। संगठन के सांगठनिक कार्यक्रम के तहत आयोजित इस बैठक में विभिन्न संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ कोच राजबंशी समुदाय की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
सभा में उपस्थित नेताओं ने आरोप लगाया कि विभिन्न मामलों में लंबे समय से जेल में बंद कोच राजबंशी समाज के लोगों को न्यायसंगत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए नेताओं ने सरकार और प्रशासन से समुदाय की समस्याओं के शीघ्र समाधान, न्यायपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
बैठक के दौरान संगठन की केंद्रीय समिति के महासचिव नवज्योति कोच ने संगठन की भावी कार्ययोजना और विभिन्न मांगों को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि समुदाय के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संगठन निरंतर संघर्षरत रहेगा।
सभा में केंद्रीय समिति के सदस्य सदानंद सिंह, दरंग जिला अध्यक्ष विधुर बर्धन सहित कई अन्य विशिष्ट व्यक्तियों ने भी भाग लिया और अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा समुदाय की आवाज को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन संगठन की एकजुटता और समुदाय के हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।