कटरा में ‘घड़ी’ की तफ्तार हुई तेज, सर्वेद अंसारी के बढ़ते जनाधार से गरमाया चुनावी माहौल
टेन न्यूज़ ii 20 अप्रैल 2026 ii पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर
मीरानपुर कटरा नगर पंचायत उपचुनाव को लेकर कस्बे में चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी सर्वेद अंसारी के समर्थन में बढ़ते जनाधार ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है। बीती शाम रामनगर कॉलोनी में उनके समर्थन में जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाया गया, जिसमें समर्थकों और युवाओं का उत्साह देखने लायक रहा।
सर्वेद अंसारी अपने काफिले के साथ रामनगर कॉलोनी पहुंचे, जहां जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। समर्थकों ने घर-घर जाकर लोगों से संपर्क साधा और “घड़ी” चुनाव चिन्ह पर मतदान करने की अपील की। गली-मोहल्लों में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी से पूरा क्षेत्र चुनावी रंग में रंगा नजर आया।
जनसंपर्क के दौरान प्रत्याशी सर्वेद अंसारी ने मतदाताओं से सीधे संवाद करते हुए कहा कि नगर के विकास, साफ-सफाई, बेहतर जल निकासी और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे “घड़ी” के निशान पर वोट देकर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी जा सके।
इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे जोश के साथ अभियान को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। पूरे कार्यक्रम में “घड़ी” के समर्थन में गूंजते नारों ने माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया।
