कटरा में कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, अधिकारियों ने किया पैदल गश्त

टेन न्यूज़ !! २५ जून २०२६ !! पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष सुरक्षा अभियान के तहत मंगलवार को क्षेत्राधिकारी तिलहर एवं उपजिलाधिकारी तिलहर ने थाना कटरा पुलिस बल के साथ क्षेत्र में संचालित विभिन्न कोचिंग सेंटरों एवं लाइब्रेरी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संस्थानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की स्थिति, आपातकालीन निकास मार्ग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का भी निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी संचालकों को निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। अग्निशमन उपकरणों को सदैव क्रियाशील रखा जाए, आपातकालीन निकास मार्ग अवरोधमुक्त रहें तथा विद्युत एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का नियमित परीक्षण कराया जाए। इसके अलावा किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के उपरांत क्षेत्राधिकारी तिलहर ने थाना कटरा पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त कर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान आमजन से संवाद स्थापित करते हुए शांति एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।