ट्यूबवेल पर करंट लगने से युवक की मौत, परिवार ने मांगी मदद
टेन न्यूज़ !! २५ सितम्बर २०२६ !! रामवीर, फरीदपुर/बरेली। थाना फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के ग्राम मस्तीपुर में बुधवार शाम खेत पर ट्यूबवेल देखने गए युवक की बिजली का तार गिरने से करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मस्तीपुर निवासी जगदीश पुत्र रामेश्वर दयाल बुधवार 24 सितंबर को शाम करीब छह बजे अपने खेत स्थित ट्यूबवेल पर गए थे। इसी दौरान अचानक बिजली का तार गिर गया, जिसकी चपेट में आने से जगदीश गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए फरीदपुर सरकारी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद जगदीश को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार किया।
परिजनों ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता और परिवार की मदद की गुहार लगाई है।
रिपोर्ट—रामवीर, फरीदपुर बरेली