• Sat. Jun 13th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

संदिग्ध परिस्थितियों में 10 वर्षीय बालिका की मौत, डेढ़ सप्ताह पूर्व कुत्ते ने काटा था

ByTen News One Desk

Jun 3, 2026
32 Views

संदिग्ध परिस्थितियों में 10 वर्षीय बालिका की मौत, डेढ़ सप्ताह पूर्व कुत्ते ने काटा था


टेन न्यूज ii 03 जून 2026 ii रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

लोकेशन: औरैया

औरैया। फफूंद थाना क्षेत्र के गुलाबपुर गांव में मंगलवार को एक 10 वर्षीय बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए कानपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार गुलाबपुर निवासी रविंद्र सिंह की 10 वर्षीय पुत्री गुंजन को 15 मई को गांव में एक कुत्ते ने काट लिया था। घटना के बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर ले गए, जहां बच्ची को एंटी-रेबीज वैक्सीन की पहली खुराक लगाई गई। इसके बाद 18, 22 और 29 मई को निर्धारित अन्य खुराकें भी दिलाई गईं।

परिजनों के मुताबिक अंतिम खुराक लगने के बाद बच्ची को गले में दर्द, गला जाम होने और बुखार की शिकायत शुरू हो गई। हालत बिगड़ने पर 31 मई को उसे चिचौली स्थित सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, परिजनों ने डॉक्टरों को कुत्ते के काटने की जानकारी नहीं दी। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर एक जून को बच्ची को घर ले आया गया। मंगलवार को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर निजी चिकित्सक को दिखाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया।

सीएचसी दिबियापुर के अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने बताया कि बच्ची को समय पर एंटी-रेबीज वैक्सीन की सभी खुराकें लगाई गई थीं। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि परिजनों के अनुरोध पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!