• Fri. Apr 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

अहमदाबाद विमान हादसा : गुजरात के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने अहमदाबाद विमान हादसे में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को दी श्रद्धांजलि

ByTen News One Desk

Jun 14, 2025
173 Views

अहमदाबाद विमान हादसा : गुजरात के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने अहमदाबाद विमान हादसे में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को दी श्रद्धांजलि



टेन न्यूज़ !! १४ जून २०२५ !! सोशल मीडिया@डेस्क न्यूज़, नई दिल्ली/भोपाल।


गुजरात के पूर्व उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने अहमदाबाद विमान हादसे में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को श्रद्धांजलि दी है। रूपाणी के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। उनके साथ सरकार में रहे नितिन पटेल शुक्रवार को उनके आवास पर पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।

नितिन पटेल ने कहा कि विजय रूपाणी का अहमदाबाद में दुखद निधन हुआ है। यह समाचार सुनने के बाद उनके समर्थकों और बीजेपी के कार्यकर्ताओं को बड़ा दुख हुआ। विजय रूपाणी हमारे ऐसे मुख्यमंत्री थे, जिनके साथ उपमुख्यमंत्री के तौर पर काम करने का मुझे मौका मिला।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा, “हर घर तक केंद्र सरकार और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए विजय रूपाणी ने प्रयास किए। खासकर सौराष्ट्र में पीने के पानी और खेती के पानी की जो समस्या थी, उसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर काफी प्रयास किए गए। अभी सौराष्ट्र को पीने का पानी और खेती का पानी मिल रहा है, इसमें विजय रूपाणी की बहुत बड़ी भूमिका थी।”

उन्होंने कहा, “गुजरात के सभी अस्पताल अच्छे हों, कोरोना के समय सभी मरीजों को अच्छा इलाज मिले, इसके लिए प्रयास किए गए। जब कोरोना वैक्सीन को लेकर लोगों में डर की स्थिति थी, तब हम दोनों ने अहमदाबाद के अस्पताल में जाकर वैक्सीन ली और लोगों का विश्वास हासिल किया।”

नितिन पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद भी विजय रूपाणी पार्टी संगठन में पूरी तरह सक्रिय थे। वह संगठन और कार्यकर्ताओं के काम करने में माहिर थे। पंजाब के प्रभारी के रूप में अभी विजय रूपाणी काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विजय रूपाणी पंजाब के उपचुनावों की तैयारी करके लंदन के लिए निकले थे, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था।

नितिन पटेल ने कहा, “मैं और मेरी पत्नी, विजय भाई रूपाणी के परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हैं। दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!