कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार और प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया
टेन न्यूज़ !! १6 जुलाई २०२५ !! अमुक सक्सेना , तिलहर (शाहजहांपुर)
तिलहर तहसील में सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने नगर क्षेत्र में विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रजनीश गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा।
जिला अध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने कहा कि जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी में सरकारी कार्यों में मानकहीनता और भ्रष्टाचार को उजागर करने का प्रयास किया, तो उन पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या बताया।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. जाने आलम ने तिलहर नगर क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों, जैसे सड़क, नाली और जल पाइपलाइन निर्माण में घटिया सामग्री उपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता के टैक्स का पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है। उन्होंने दोषियों की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
जिला सचिव उन्नत मिश्रा ने चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर विकास कार्यों में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेगी और इसका जोरदार विरोध जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार पूनम मधुकर ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन प्राप्त किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने की अपील भी की।
इस मौके पर रामजी अवस्थी सहित कई कांग्रेस पदाधिकारियों ने भाजपा सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताई और कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटका रही है।







