BREAKING NEWS: पपीता तोड़ने गया मासूम गहरे दलदल में धंसा, युवक ने जान जोखिम में डालकर बचाया
टेन न्यूज ii 08 फरवरी 2026 ii अभय द्विवेदी ब्यूरो, हमीरपुर
हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। स्यावारी रोड पर पपीता तोड़ने गए बच्चों में से एक बच्चा अचानक गहरे दलदल में समा गया। बताया जा रहा है कि दलदल करीब 30 से 40 फुट गहरा था।
बच्चे की “बचाओ–बचाओ” की चीख सुनकर आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। हालत इतनी भयावह थी कि दलदल में फंसे बच्चे का सिर्फ सिर ही बाहर दिखाई दे रहा था, जिसे देखकर लोग सहम गए।
मौके पर मौजूद स्यावारी गांव निवासी जीतेन्द्र राजपूत ने तुरंत साहस दिखाया। पुलिस को सूचना देने के बाद, देरी होती देख उन्होंने खुद रस्सी बांधकर दलदल में उतरने का फैसला किया। जान जोखिम में डालकर उन्होंने बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इस साहसिक रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में जीतेन्द्र राजपूत की बहादुरी की जमकर सराहना की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, घायल बच्चा महोबा कस्बे के रामनगर मोहल्ले का रहने वाला है और राठ कस्बे स्थित राधे गार्डन गेस्ट हाउस में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था।
फिलहाल बच्चे की हालत को लेकर अधिकृत जानकारी का इंतजार है।
रिपोर्ट: अभय द्विवेदी
लोकेशन: हमीरपुर, उत्तर प्रदेश






