“कड़ी सुरक्षा में होगी होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2025, सीसीटीवी निगरानी में होंगे सभी केंद्र”
टेन न्यूज़ ii 21 अप्रैल 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो,
कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में उ0प्र0 होमगार्ड इनरोलमेंट-2025 परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए विस्तृत रणनीति बनाई गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र पर नोडल अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षा सहायक एवं कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। हर 24 परीक्षार्थियों पर दो कक्ष निरीक्षक तैनात किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को तीन दिनों तक दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10:00 से 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3:00 से 5:00 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों को पहली पाली के लिए सुबह 8:30 से 9:30 बजे और दूसरी पाली के लिए 1:30 से 2:30 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया सम्पन्न कराई जाएगी। साथ ही कक्ष निरीक्षकों को विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए। सीटिंग प्लान को पारदर्शी तरीके से तैयार कर केंद्र के बाहर प्रदर्शित किया जाएगा।
सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर रोक रहेगी। अभ्यर्थियों की गहन जांच कर ही प्रवेश दिया जाएगा, जिसमें डिजिटल डिवाइस, ईयरिंग उपकरण आदि की भी जांच शामिल होगी।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि परीक्षा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और हर स्तर पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) देवेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उपजिलाधिकारी कन्नौज, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
