“कटरा उपचुनाव में ‘वोट कटवा’ खेल! सियासत गरम, मतदाता सतर्क”
टेन न्यूज़ ii 21 अप्रैल 2026 ii डीपी सिंह @डेस्क न्यूज़, शाहजहांपुर
नगर पंचायत कटरा उपचुनाव अब बेहद दिलचस्प और संवेदनशील मोड़ पर पहुंच गया है। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। इसी बीच एक बड़ा खुलासा सामने आया है, जिसने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है।
स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हैं कि कुछ प्रत्याशी जीत के लिए नहीं, बल्कि खास बिरादरी के वोटों को प्रभावित करने के मकसद से मैदान में उतरे हैं। ऐसे उम्मीदवारों को ‘वोट कटवा’ के रूप में देखा जा रहा है, जो मुख्य मुकाबले को प्रभावित करने की रणनीति का हिस्सा माने जा रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो पिछले चुनाव में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली थी, जब कुछ प्रत्याशी आखिरी समय में मोटी रकम लेकर मैदान से हट गया थे , जिससे चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए थे। इस बार भी उसी रणनीति के दोहराए जाने की आशंका जताई जा रही है।
इस मुद्दे ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है, वहीं मतदाता भी अब अधिक सजग नजर आ रहे हैं। लोग खुले तौर पर ऐसे प्रत्याशियों पर सवाल उठा रहे हैं और निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव की मांग कर रहे हैं।
वहीं कुछ मतदाताओं का कहना है कि इस बार जनता किसी भी तरह के बिरादरीवाद, जाति वाद, धर्मवाद या अन्य किसी बात के बहकावे में आने वाली नहीं है। नगर के मतदाता शिक्षित, योग्य और विकासशील उम्मीदवार को ही अपना समर्थन देने का मन बना चुके हैं। जबकि कुछ मतदाताओं का दबी जुवान में कहना है कि सीट बैकवर्ड होते हुए भी उनका अधिकार छीना जा रहा है, ऐसे लोगों से जीत के बाद क़्या उम्मीद की जा सकती है।
कुल मिलाकर, कटरा उपचुनाव अब केवल चुनाव नहीं, बल्कि रणनीति, जागरूकता और जनमत की असली परीक्षा बनता जा रहा है।
