रायबरेली: एसपी ऑफिस में विधवा का हाई वोल्टेज ड्रामा, देवर पर रेप और धोखाधड़ी का आरोप
टेन न्यूज़ ii 28 अप्रैल 2026 ii रिपोर्ट: वसीम खान, ब्यूरो
लोकेशन: रायबरेली (उत्तर प्रदेश)
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विधवा महिला अपनी मासूम बेटी और वृद्ध मां के साथ पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंची और न्याय की गुहार लगाते हुए जमकर हंगामा किया। महिला ने अपने सगे देवर पर शादी का झांसा देकर पांच वर्षों तक शारीरिक शोषण करने और धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है।
क्या है पूरा मामला?
मामला डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के सुरसना-भरसना गांव का बताया जा रहा है। पीड़िता के अनुसार, करीब पांच वर्ष पहले उसके पति का निधन हो गया था। पति की मौत के बाद उसका देवर, सचिन, उसे शादी का भरोसा देकर लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने न सिर्फ उसका शोषण किया, बल्कि उसके जेवरात और अन्य कीमती सामान भी अपने कब्जे में ले लिए।
29 अप्रैल को प्रस्तावित है आरोपी की शादी
महिला का कहना है कि अब आरोपी अपने वादे से मुकर गया है और 29 अप्रैल को किसी दूसरी महिला से शादी करने जा रहा है। जब उसे इसकी जानकारी हुई, तो उसने स्थानीय डलमऊ पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
एसपी ऑफिस में धरना और हंगामा
न्याय न मिलने से नाराज महिला एसपी कार्यालय पहुंची और वहीं धरने पर बैठ गई। इस दौरान उसने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उसकी शादी रुकवाने की मांग की।
पीड़िता ने भावुक होकर कहा,”मैं अपनी मासूम बच्ची और बूढ़ी मां को लेकर कहां जाऊं? उसने मेरा सब कुछ छीन लिया और अब दूसरी शादी कर रहा है। मुझे इंसाफ चाहिए।”
पुलिस प्रशासन का रुख
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने संज्ञान लिया है और संबंधित थाने को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अब सवाल यह है कि क्या 29 अप्रैल से पहले पीड़िता को न्याय मिल पाएगा या नहीं।
टेन न्यूज़ के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट
