• Wed. Apr 29th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कन्नौज: दूसरी पत्नी के लिए पति ने पहली पत्नी को मारपीट कर किया घायल,एसपी से लगाई न्याय की गुहार

ByTen News One Desk

Apr 29, 2026
5 Views

कन्नौज: दूसरी पत्नी के लिए पति ने पहली पत्नी को मारपीट कर किया घायल,एसपी से लगाई न्याय की गुहार


टेन न्यूज ।। 30 अप्रैल 2026 ।। प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट
कन्नौज (उत्तर प्रदेश)। जनपद में दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट के आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधु पुत्री लाखन सिंह कुशवाहा, निवासी ग्राम चकरतापुरवा औरंगपुर साभी थाना बिल्हौर (जनपद कानपुर नगर) का विवाह वर्ष 2018 में हिन्दू रीति-रिवाज से ग्राम देवरा खुर्द मानी मऊ, थाना कन्नौज निवासी अंकुश कुशवाहा के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न शुरू कर दिया गया।

पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर उसके साथ कई बार मारपीट की गई और करीब तीन वर्ष पूर्व उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद से वह अपने मायके में रहने को मजबूर है।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति अंकुश कुशवाहा ने बिना जानकारी दिए दूसरी शादी कर ली है, जिससे उनका एक बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि दूसरी शादी आकांक्षा पुत्री संतोष उर्फ लाले, निवासी दहेलिया थाना रसूलाबाद के साथ हुई है।

पीड़िता के अनुसार, 27 अप्रैल 2025 को सुबह करीब 10:30 बजे जब वह अपने पति से बातचीत के लिए ससुराल पहुंची, तो वहां मौजूद पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

इस मामले में थाना पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, लेकिन पीड़िता का आरोप है कि मेडिकल रिपोर्ट के अनुरूप गंभीर धाराएं नहीं लगाई गई हैं, जिससे आरोपियों को राहत मिल रही है।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

पीड़िता ने यह भी बताया कि मामला पारिवारिक न्यायालय में विचाराधीन है, बावजूद इसके उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़िता को कब तक न्याय मिल पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!