जिलाधिकारी ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के टॉप करने वाले 30 छात्र छात्राओं को आवास पर बुलाकर किया सम्मानित
टेन न्यूज़ ।। 30 अप्रैल 2026 ।। डीपी सिंह
शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को जिलाधिकारी आवास पर जनपद के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के टॉप करने वाले कुल 30 में छात्र छात्राओं हाईस्कूल के 18 एवं इंटरमीडिएट के 12 टॉपर्स के साथ संवाद कर उनके भविष्य, उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
इस दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से उनके करियर लक्ष्य, पढ़ाई की रणनीति और भविष्य में क्या बनने की इच्छा है, इस पर बातचीत की। छात्रों ने भी अपनी तैयारी, चुनौतियों और विचार जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी तथा एसपी सिटी देवेंद्र कुमार के साथ साझा किए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए प्रेरित करते हुए उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहकर पाठ्यक्रम की गहन तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई के साथ साथ सामान्य ज्ञान, बेसिक जानकारी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी समान रूप से आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी एवं अंग्रेजी समाचार पत्र पढ़ने, अंग्रेजी भाषा सीखने और दैनिक जीवन में अंग्रेजी शब्दों के प्रयोग की आदत विकसित करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय विद्यार्थियों के लिए स्वर्णिम अवसरों का दौर है, इसलिए उन्हें अपने अध्ययन काल का अधिकतम सदुपयोग करना चाहिए। जिलाधिकारी ने बच्चों में पुस्तक पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद के 165 ग्रामों में पुस्तकालय स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन संसाधन उपलब्ध हो सकें। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि जो विद्यार्थी को मेडिकल एवं इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर जाना चाहते हैं, उनका समुचित असेसमेंट कराया जाए।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विद्यार्थियों को उपहार भेंट किए तथा उन्हें अपने आवास का भ्रमण भी कराया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक हरवंश कुमार एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता उपस्थित रहे।
_____
