• Mon. May 4th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

तिलहर: बिरिया बाबा मेले में उचक्कों का आतंक, चार महिलाओं के कुंडल नोचे, पर्स भी पार

ByTen News One Desk

May 4, 2026
12 Views

तिलहर: बिरिया बाबा मेले में उचक्कों का आतंक, चार महिलाओं के कुंडल नोचे, पर्स भी पार


टेन न्यूज़ !! ०४ मई २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर

शाहजहांपुर जनपद के तिलहर क्षेत्र में लगने वाले प्रसिद्ध बिरिया बाबा मेले में रविवार को उचक्कों ने भीड़ का फायदा उठाते हुए कई वारदातों को अंजाम दिया। आधे घंटे के भीतर चार महिलाओं के कानों से सोने के कुंडल नोच लिए गए, जबकि एक व्यक्ति का रुपयों से भरा पर्स भी चोरी कर लिया गया। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जाता है कि बारह पत्थर बंधा रोड स्थित सेंट मेरी स्कूल के पीछे लगने वाला यह मेला हर गुरुवार और रविवार को आयोजित होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। रविवार को भी भारी भीड़ उमड़ी हुई थी, इसी दौरान उचक्कों ने महिलाओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया।

सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद होमगार्ड्स ने कोतवाली पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद कोतवाल जुगुल किशोर पाल ने तत्काल नए रिक्रूट पुलिसकर्मियों की टीम मेले में भेजी।

पीड़ित महिलाओं ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ बच्चों की करधनी व चूड़ी पहनाने के लिए मेले में आई थीं। मंदिर के पास भीड़ में पीछे से अज्ञात लोगों ने उनके कानों से सोने के कुंडल खींच लिए और भीड़ में गायब हो गए।

पीड़ितों में बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के गांव रुद्रपुर निवासी कुटिमा देवी, लखीमपुर के गोला क्षेत्र के नंदापुर पिपरिया की विमला देवी, बदायूं के उझानी क्षेत्र के बूर्रा फरीदपुर की नन्ही देवी और शाहजहांपुर के मदनापुर क्षेत्र के रहदेवा गांव की शकुंतला देवी शामिल हैं। विमला देवी का एक कुंडल ब्लाउज में फंस जाने से बच गया, जबकि अन्य महिलाओं के कुंडल पूरी तरह लूट लिए गए।

इसी दौरान लखीमपुर के मोहम्मदी निवासी संजय कठेरिया की जेब से करीब तीन हजार रुपये और जरूरी कागजात से भरा पर्स भी उड़ा लिया गया।

घटना के बाद पीड़ित महिलाएं परिजनों के साथ रोते-बिलखते कोतवाली पहुंचीं और अज्ञात उचक्कों के खिलाफ अलग-अलग तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मेले में सक्रिय उचक्कों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!