“हाईवे पर बड़ा हादसा टला! डिवाइडर पर चढ़ी कार, रेलिंग में लटक गई गाड़ी”

टेन न्यूज़ !! १३ मई २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
तिलहर के नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और रेलिंग पर चढ़कर फंस गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला मौजमपुर निवासी पेट्रोल पंप स्वामी प्रमोद सिंह अपनी निजी गाड़ी से बंथरा डिपो से तेल का टैंकर लेकर वापस घर लौट रहे थे। तभी नवीन गल्ला मंडी के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई और हाईवे के डिवाइडर से टकराते हुए रेलिंग पर चढ़कर अटक गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा काफी भयावह था, लेकिन गनीमत रही कि कार पलटी नहीं और बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में प्रमोद सिंह के हाथ और सिर में चोटें आई हैं, हालांकि कोई गंभीर चोट नहीं बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।