“फर्रुखाबाद हिंसा केस में पुलिस का बड़ा एक्शन! जानलेवा हमला, लूट और बलवा समेत गंभीर धाराओं में दो FIR दर्ज”

टेन न्यूज़ !! १३ मई २०२६ !! तौफीक फारुकी ब्यूरो, फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद के थाना राजेपुर क्षेत्र स्थित ग्राम चाचूपुर जटपुरा में 9 मई को हुए बवाल और हिंसा मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस द्वारा दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें जानलेवा हमला, लूट, सरकारी कार्य में बाधा और राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।
पहला मुकदमा लखीमपुर खीरी के ग्राम गुलरिया निवासी कुलदीप की तहरीर पर दर्ज किया गया है। कुलदीप उन्नाव निवासी मुजीब उल्ला के नाम संचालित देशी शराब की दुकान की देखरेख करता है। आरोप है कि शनिवार सुबह करीब 10:40 बजे नामजद आरोपियों ने दुकान में घुसकर गोलक से 10 हजार रुपये नकद और सीसीटीवी कैमरे की डीबीआर लूट ली।
इस मामले में कामेश, सुधीर, शिवरतन और ब्रजेश उर्फ भोला सहित अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। तहरीर के अनुसार आरोपियों ने सेल्समैन पर जानलेवा हमला किया और दुकान में आग लगाने का भी प्रयास किया।
वहीं दूसरा मुकदमा थाना राजेपुर के उपनिरीक्षक महेश कुमार की ओर से दर्ज कराया गया है। यह मुकदमा पुलिस टीम पर हमले और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में दर्ज किया गया है। इसमें कामेश, सुधीर, शिवरतन, कश्मीर, ब्रजेश, राजा और रजनीश समेत 14 नामजद तथा 25 से 30 अज्ञात महिला-पुरुषों को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने बलवा, पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा, राजकीय संपत्ति को नुकसान और सेवन क्रिमिनल लॉ एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
मामले की पुष्टि करते हुए गिरीश कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और स्थिति पर पुलिस की नजर बनी हुई है।
