“छिबरामऊ में बढ़ी ताहिर हुसैन सिद्दीकी की सक्रियता! गांव-गांव पहुंचकर मजबूत कर रहे सपा का जनाधार”

टेन न्यूज़ !! १३ मई २०२६ !! तौफीक फारुकी ब्यूरो, फर्रुखाबाद
छिबरामऊ विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी इन दिनों लगातार चर्चा में बने हुए हैं। क्षेत्र में उनकी बढ़ती सक्रियता और जनसंपर्क अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
टेन न्यूज़ को मिली जानकारी के अनुसार ताहिर हुसैन सिद्दीकी गांव-गांव जाकर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। खासकर युवाओं में उनके प्रति जोश और समर्थन बढ़ता दिखाई दे रहा है। कई कार्यकर्ताओं का मानना है कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ रखने वाले नेताओं को आगे बढ़ाना चाहिए ताकि संगठन को मजबूती मिल सके।
बताया जा रहा है कि ताहिर हुसैन सिद्दीकी अपने भाई तहसीन सिद्दीकी के साथ “समाजवादी समानता भाईचारा रैली” के माध्यम से फर्रुखाबाद, कन्नौज और छिबरामऊ क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। रैलियों और जनसभाओं के जरिए वे जनता के बीच पहुंचकर संगठन को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं।
ताहिर हुसैन सिद्दीकी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को “लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव” बताते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने की अपील की है। हालांकि आगामी चुनाव में टिकट को लेकर अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा, लेकिन क्षेत्र में उनकी सक्रियता ने राजनीतिक चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया है।
