“कटरा में आधी रात पुलिस का एक्शन” : शराब पीकर गाड़ी दौड़ाने वालों पर चला शिकंजा, हाईवे पर सघन चेकिंग
टेन न्यूज ii 15 मई 2026 ii पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर। थाना क्षेत्र के कटरा ओवरब्रिज के नीचे एवं मिल्कीपुर-खैरपुर चौराहे पर देर रात पुलिस और ट्रैफिक टीम ने संयुक्त रूप से सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसा। अभियान के दौरान हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की गहन जांच की गई, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ट्रक, कार और बाइक चालकों को रोककर एल्कोहल मशीन से जांच की। साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट, नंबर प्लेट और वाहन संबंधी दस्तावेजों की भी बारीकी से पड़ताल की गई। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कई वाहनों की तलाशी भी ली गई।
अभियान में ट्रैफिक पुलिस हेड कांस्टेबल अभिषेक संजीव अपनी टीम के साथ मौजूद रहे, जबकि सीसी टीम के विमल एवं उनकी टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। जांच के दौरान शराब के नशे में वाहन चला रहे दो चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने दोनों चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना गंभीर अपराध है और इससे सड़क हादसों की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
पुलिस टीम ने इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। लोगों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की गई। देर रात हाईवे पर पुलिस की सक्रियता देखकर आम नागरिकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
