डीएम और एसपी के औचक निरीक्षण से कस्तूरबा विद्यालय में मचा हड़कंप, शिक्षा और भोजन व्यवस्था पर सख्त निर्देश
टेन न्यूज़ ii 15 मई 2026 ii रामचंद्र सक्सेना ब्यूरो
पीलीभीत। विकासखंड क्षेत्र ललौरीखेड़ा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब ज्ञानेन्द्र सिंह एवं सुकीर्ति माधव ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिक्षा व्यवस्था, छात्रावास, भोजन गुणवत्ता एवं मूलभूत सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सबसे पहले कक्षाओं में पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं से संवाद कर पढ़ाई के स्तर की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से विषयों से संबंधित सवाल पूछे और विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान जिलाधिकारी ने अध्यापक एवं अध्यापिकाओं को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी शिक्षक समय सारिणी के अनुसार नियमित रूप से पठन-पाठन कराएं और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए विशेष ध्यान दें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि छात्राओं के भविष्य के साथ किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के रसोईघर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता की जांच करते हुए वार्डन को निर्देश दिए कि छात्राओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। विशेष रूप से हरी सब्जियों और स्वच्छ भोजन व्यवस्था पर ध्यान देने को कहा गया। डीएम ने चेतावनी दी कि भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद अधिकारियों ने छात्रावास का निरीक्षण कर वहां बिजली, पानी, साफ-सफाई, बिस्तरों की व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। छात्राओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनी गईं। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, प्रधानाचार्य, अध्यापिकाएं एवं वार्डन सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। प्रशासन की इस औचक कार्रवाई के बाद विद्यालय प्रबंधन में सतर्कता बढ़ गई है।
