तिलहर में वेतन न मिलने पर सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, पालिका में की नारेबाजी
तिलहर नगर पालिका के कर्मचारियों ने जताई नाराजगी, पालिकाध्यक्ष ने सोमवार तक वेतन दिलाने का दिया आश्वासन
टेन न्यूज़ ii 16 मई 2026 ii अमुक सक्सेना, तिलहर, शाहजहाँपुर।
तिलहर नगर पालिका में वेतन न मिलने से नाराज सफाई कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने समय पर पगार न मिलने पर रोष व्यक्त करते हुए पालिका प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
सफाई कर्मचारियों का कहना था कि लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाराज कर्मचारियों ने पालिका परिसर में एकत्र होकर जल्द वेतन भुगतान की मांग उठाई।
मामले की जानकारी मिलने पर पालिकाध्यक्ष हाजरा बेगम मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों से वार्ता की। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि सोमवार दोपहर तक सभी कर्मचारियों का वेतन जारी कर दिया जाएगा।
पालिकाध्यक्ष के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर शांतिपूर्वक काम पर लौटने की सहमति जताई।
