गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, घाटों पर उमड़ी भक्तों की भीड़

टेन न्यूज़ !! २७ मई २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा
फतेहगंज पूर्वी/बरेली । ज्येष्ठ माह में मनाए जाने वाले पावन गंगा दशहरा पर्व पर मंगलवार को क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने पढ़ेरा, नगरिया कला, बेलाडांडी, मानपुर समेत विभिन्न घाटों पर पहुंचकर मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद अर्पित किया।
गंगा स्नान के दौरान घाटों पर धार्मिक माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। वहीं कई सामाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा जगह-जगह स्टॉल लगाकर शरबत एवं मीठे पेय का वितरण किया गया। भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं ने शरबत पीकर राहत महसूस की।
गांवों और नगर क्षेत्र में लोगों ने अपने घरों पर कन्याओं को शरबत पिलाकर दक्षिणा दी तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। गंगा दशहरा के अवसर पर सुबह से ही दान-पुण्य का सिलसिला चलता रहा।
कादरगंज गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए ग्राम प्रधान राकेश सिंह कश्यप द्वारा विशेष प्रबंध कराए गए। घाट पर गोताखोरों की तैनाती, चेंजिंग रूम, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का इंतजाम किया गया। साथ ही पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम भी सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही।