• Thu. May 28th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

बकरीद पर्व को लेकर कटरा ईदगाह में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, पुलिस प्रशासन रहा सतर्क

ByTen News One Desk

May 28, 2026
1 Views

बकरीद पर्व को लेकर कटरा ईदगाह में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, पुलिस प्रशासन रहा सतर्क


टेन न्यूज़ !! २८ मई २०२६ !! डीपी सिंह/पप्पू अंसारी

शाहजहाँपुर। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शाहजहाँपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दे रहा है। जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने के लिए लगातार निरीक्षण एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में बुधवार को थाना कटरा क्षेत्र स्थित ईदगाह परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) द्वारा सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में किया गया। निरीक्षण के दौरान ईदगाह परिसर, मुख्य मार्गों, पार्किंग स्थलों तथा संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच की गई। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई। पुलिस अधिकारियों ने ईदगाह परिसर के आसपास मौजूद स्थानीय नागरिकों और नमाज अदा करने आने वाले लोगों से संवाद भी किया।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने लोगों से बकरीद का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।

शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा जनपद के सभी ईदगाहों, मस्जिदों एवं संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!