रायबरेली में शांति और सौहार्द के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा, मुल्क की तरक्की के लिए उठे दुआ के हाथ

टेन न्यूज़ !! २८ मई २०२६ !! वसीम खान ब्यूरो
रायबरेली। जनपद में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार पूरे अकीदत, शांति और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। ईदगाहों और मस्जिदों में बड़ी संख्या में अकीदतमंद नमाज अदा करने पहुंचे।
सुबह निर्धारित समय पर लोग नए और साफ-सुथरे परिधानों में सजे-धजे स्थानीय ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचे, जहां कतारबद्ध होकर ईद-उल-अजहा की विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के बाद बारगाह-ए-इलाही में हाथ उठाकर खैर-ओ-बरकत की दुआ मांगी गई। अकीदतमंदों ने देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे तथा मुल्क और कौम की तरक्की व सलामती के लिए विशेष दुआएं कीं।![]()
नमाज के बाद ईदगाह परिसर और आसपास का माहौल खुशनुमा हो गया। लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। बड़ों ने छोटों को दुआओं के साथ ईदी दी, वहीं बच्चों में त्योहार को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा।![]()
इस मौके पर लोगों ने कहा कि “ईद-उल-अजहा का त्योहार कुर्बानी, सब्र और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। सभी ने देश की तरक्की और अमन-ओ-अमान के लिए दुआएं मांगी हैं।”
रिपोर्ट: वसीम खान, रायबरेली ब्यूरो