महिला हत्या व लूटकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

टेन न्यूज़ !! २८ मई २०२६ !! नीरज प्रताप सिंह
छिबरामऊ (कन्नौज)। छिबरामऊ के बनवारी नगर में तीन दिन पूर्व महिला मंजू वर्मा की हत्या और लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी शालू उर्फ शल्लू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधीक्षक Vinod Kumar ने 25 मई को हुई हत्या और लूट की घटना के खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाते हुए एसओजी, सर्विलांस टीम तथा कोतवाली छिबरामऊ पुलिस सहित पांच टीमों का गठन किया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम कोतवाली छिबरामऊ पुलिस और एसओजी टीम को फर्रुखाबाद रोड स्थित एक प्लॉट में संदिग्ध व्यक्ति के छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी शालू उर्फ शल्लू निवासी छिबरामऊ ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छिबरामऊ में भर्ती कराया गया है।
पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट: नीरज प्रताप सिंह, छिबरामऊ (कन्नौज)