शाहजहांपुर में शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई ईद-उल-अजहा की नमाज, पुलिस प्रशासन रहा अलर्ट

टेन न्यूज़ !! २८ मई २०२६ !! डीपी सिंह@ डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। जनपद में ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व के अवसर पर नमाज शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। पर्व को लेकर जनपद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। संवेदनशील स्थलों, ईदगाहों एवं मस्जिदों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई तथा पुलिस अधिकारियों ने लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर ने नगर क्षेत्र की विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु रखने एवं नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए गए।![]()
इसी प्रकार अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी पुवायां ने थाना पुवायां और सिंधौली क्षेत्र में ईदगाहों व मस्जिदों का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। क्षेत्राधिकारी जलालाबाद ने थाना मिर्जापुर क्षेत्र, क्षेत्राधिकारी यातायात ने थाना रोजा क्षेत्र, क्षेत्राधिकारी सदर ने थाना निगोही तथा क्षेत्राधिकारी तिलहर ने अपने-अपने क्षेत्रों में ईदगाहों एवं मस्जिदों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुलिस बल को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, भीड़ नियंत्रण बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने तथा स्थानीय धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों से समन्वय बनाकर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी कैमरों एवं सोशल मीडिया सेल की सहायता से सतत निगरानी की गई।
जनपद पुलिस ने आमजन से आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि ईद-उल-अजहा का पर्व पूरे जिले में शांतिपूर्ण वातावरण में सकुशल सम्पन्न हुआ।